छात्र संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल बुधवार क ो जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल से मिला और दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। छात्र और छात्रनेताओं पर लगे मुकदमे वापस लेने तथा अघोषित कटौती बंद कर बीस घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की। इसके बाद कुंवर सिंह पीजी कालेज के छात्रसंघ भवन में बैठक की।
बैठक में पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि बागी बलिया की सरजमीं अन्याय और अत्याचार नहीं सहती है। समय-समय पर यहां के नौजवान और छात्र इस सरजमीं को पानी से नहीं लहू से सींचते रहे हैं।
सिंह ने जिला प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि अगर छात्रों पर लगे मुकदमे वापस नहीं हुए तो आम जनता को लेकर संघर्ष किया जाएगा। इसी क्रम में छात्रसंघ अध्यक्ष अभिषेक कुमार यादव ने जिले के छात्रों से हक की लड़ाई के लिए सड़क पर उतरने के लिए तैयार रहने को कहा।
इस मौके पर मानवेंद्र विक्रम सिंह, राकेश सिंह, प्रभुनाथ यादव, राणा प्रताप यादव, मिथिलेश यादव, किशन प्रताप सिंह, सुजीत सिंह, जावेद कमर खां, आनंद विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता अभिषेक कुमार यादव एवं संचालन प्रभात मौर्या ने किया।