कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे कर्मचारियों के धरने को स्थागित करने के लिए घोषणा करते कलेक्ट्रेट मि?
- फोटो : BALLIA
बलिया। उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के आह्वान पर चल रही कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को जिलाधिकारी के आश्वासन पर स्थगित हो गई। जिलाधिकारी ने कर्मचारियों को 15 दिन के अंदर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। कार्रवाई नहीं होने तक कर्मचारी पंद्रह दिनों तक काली पट्टी बांध कर विरोध जताएंगेेे।
कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को धरना सभा में कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि राजस्व कर्मियों के अस्मिता के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। कहा कि विधायक को अपने व्यवहार में परिवर्तन लाना चाहिए जिससे समाज में अच्छा संदेश जाए। चेताया कि अगर 15 दिन के अंदर विधायक पुत्र हजारी सिंह की गिरफ्तारी, थानाध्यक्ष बैरिया का स्थानांतरण और राधेश्याम राम के ऊपर लगा फर्जी मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो पुन: कर्मचारी 16 मार्च से हड़ताल पर चले जाएंगे जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। कहा कि एक से 15 मार्च तक दो से तीन बजे तक नारेबाजी व प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा सुबह से बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अजय कुमार यादव, उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मंत्री वेद प्रकाश पांडेय, राजस्व संग्रह अमीन संघ के अध्यक्ष लाल बाबू यादव, जिला वाहन चालक संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, केंद्रीय कर्मचारी संघ सीटू के संयोजक सुभाष सिंह व मंत्री अजीत सिंह, खेत मजदूर सभा के अध्यक्ष रामकृष्ण यादव, सर्वे संघ के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के संगठन मंत्री प्रेमसुख श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश के मंडल अध्यक्ष रघुवंश उपाध्याय, राधेश्याम आदि मौजूद रहे। संचालन बृज बिहारी सिंह ने किया।
तहसील पर नौवें दिन भी धरना रहा जारी
बैरिया। तहसील में कर्मचारियों की हड़ताल नौवें दिन भी जारी रहा। सिर्फ एसडीएम व तहसीलदार ही अपने चेम्बर में जनता का कार्य किया। जबकि सभी कर्मचारियों के कार्यालयों के दरवाजों पर ताला लटका रहा, यहा तक कि रजिस्ट्री आफिस व न्यायालय भी नहीं खुला। आम लोग लगातार नव दिनों तक तहसील न खुलने से परेशान है।
हड़ताल से आमजन परेशान
घोघा। विगत तीन दिन से बांसडीह में तहसील कर्मचारियों द्वारा किये जा रहे हड़ताल के कारण आम जनता को हो रही कठिनाइयों को लेकर भाजपा बाँसडीह मंडल अध्यक्ष प्रतुल कुमार ओझा ने रोष व्यक्त किया। कहा कि कर्मचारियों के हड़ताल के कारण आम जनता काफी दिक्कतों का सामना कर रही है। हड़ताली कर्मचारियों को हड़ताल के वक्त अनुपस्थित किया जाय। कहा कि कर्मचारियों को हड़ताल के नाम पर जनहित के कार्यो को ठप कर देना उचित नहीं है।