बलिया। जिले के परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल विज्ञान और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा हुई।
हाईस्कूल की परीक्षा में तीन केंद्रों पर दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते चार मुन्ना भाई पकड़े गए जिसके खिलाफ केस दर्ज कराया गया। जबकि एक केंद्र से एक छात्रा व एक अन्य परीक्षा केंद्र से दो छात्रों को नकल करने के आरोप में रस्टीकेट कर दिया गया। इसके अलावा इंटरमीडिएट गणित की परीक्षा में एक केंद्र पर सात परीक्षार्थियों को नकल करने के आरोप रस्टीकेट कर दिया गया।
सिकंदरपुर: हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान क्षेत्र के रामनगीना चौधरी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनकटा कला खेजुरी परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण पर बीएसए शिव नारायण सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते एक युवक को पकड़ा। उसके खिलाफ केस दर्ज कराया गया। इसके अलावा एक छात्रा कार्बन कॉपी से नकल करते पकड़ी गई जिसे रस्टीकेट कर दिया गया।
बैरिया: श्रीलक्ष्मण बाबा द्वाबा राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल विज्ञान परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षण राणा प्रताप सिंह ने दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते एक युवक को पकड़ा। केन्द्र व्यवस्थापक ने बताया कि युवक को बैरिया पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उधर, सुदिष्ट बाबा इंटर कॉलेज रानीगंज में इंटरमीडिएट की गणित की परीक्षा के दौरान सात परीक्षार्थियों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा गया और उन्हें रस्टीकेट कर दिया। केन्द्र व्यवस्थापक डा. अशोक पांडेय ने बताया कि सुबह की पाली में हाईस्कूल विज्ञान परीक्षा के दौरान नकल सामग्री के साथ दो परीक्षार्थियों को पकड़कर रस्टीकेट किया गया।
सहतवार/केवरा: हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा में केदारनाथ चौधरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केन्द्र पर दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे दो फर्जी परीक्षार्थियों को तहसीलदार बांसडीह गुलाब चंद्रा ने पकड़ा और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पहली पाली में एसडीएम दुष्यंत मौर्या की सूचना पर तहसीलदार ने परीक्षा केन्द्र की जांच की। स्टेटिक मजिस्ट्रेट राहुल रौशन और केन्द्र व्यवस्थापक ने जांच की तो पता चला कि सुखपुरा थाना क्षेत्र के एक बालक अपनी बुआ के लड़के की जगह पर फर्जी परिचय पत्र व आधार कार्ड बनवाकर परीक्षा दे रहा था। वहीं रेवती थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक अपने भतीजे की जगह पर परीक्षा दे रहा था। तहसीलदार ने बताया कि छात्र कई दिनो से संदिग्ध थे आधार कार्ड मांगने पर बहाना बना रहे थे। तहसीलदार ने दोनों युवकों को सहतवार थानाध्यक्ष मंटू राम को सौंपते हुए तहरीर दी है।