शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री नारद राय ने विधायक निधि से सिविल बार एसोसिएशन के लिए दस लाख रुपये की धनराशि देने तथा चकबंदी भवन के कक्ष के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चकबंदी भवन के निर्माण में धन की कमी नही होगी। जितने भी धन की आवश्यकता होगी, उतना मुहैया कराया जाएगा।
उन्होंने कचहरी में दूर-दराज से आने वाले गरीब लोगों को पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए तीन स्थानों पर आरओ मशीन लगाने का निर्देश नगरपालिका को दिया। साथ ही यह भी कहा कि यदि नगरपालिका इस काम को नहीं करेगी तो वह अपने विधायक निधि से तीनों आरओ लगाने के लिए धन उपलब्ध कराएंगे। बताया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाने के लिए जमीन मिल गयी है और दिसंबर 2016 में एसटीपी कार्य करना शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि विकास के काम में जो भी रोड़ा डालेगा अथवा विकास का काम नहीं करेगा और पैसा समय से खर्च नहीं करेगा तो उसके विरु द्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा जनपद में किये गये तमाम विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि बलिया को विकास की ऊंचाईयों पर ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। बलिया छोटा होने के बावजूद भी अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने न्याय दिलाने में वकीलों की भूमिका की चर्चा करते हुए कहा कि वकील की बात और संदेश गरीबों की झोपड़ी तक पहुंचता है। प्रदेश सरकार घोषणा पत्र के एक-एक काम को पूरा कर रही है। जनेश्वर मिश्र सेतु बलिया के इतिहास में एक नया आयाम स्थापित करेगा। समारोह की अध्यक्षता कर रहे सिकंदरपुर के विधायक मो.जियाउद्दीन रिजवी ने भी आश्वस्त किया कि चकबन्दी भवन के बेहतर निर्माण के लिए धन की कमी नही होगी। आवश्यकता पड़ेगी तो और भी धन की व्यवस्था शासन से कराया जाएगा। कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्ग के लोगों के विकास के लिए कृत संकल्प है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी केपी सिंह ने कहा कि चकबन्दी के पुराने भवन जीर्णशीर्ण हालत में हो गयी थी और एक नये भवन के निर्माण की परिकल्पना को मंत्री जी तक पहुंचाया गया और मंत्री जी के प्रयास से ही चकबंदी भवन के निर्माण की बुनियाद आज रखी गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व निरीक्षकों/कानूनगो के बैठने के लिए क्रिटिकल गैप से नया भवन बनाने का निर्णय लिया गया है। इससे गांव के लोगों को राजस्व निरीक्षकों से मिलने में आसानी हो जाएगी। इस अवसर पर पैकफेड के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री योगेन्द्र गिरि ने बताया कि नए चकबन्दी भवन में दो कक्ष बनेंगे और इसपर दस लाख खर्च होंगे। इसका निर्माण कार्य चार माह में पूरा होगा। बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल, एडवोकेट पाण्डेय गोविन्द जी, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जेपी उपाध्याय, कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन जी वर्मा, कुंवर नन्दजी एडवोकेट ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी बी.राम, एएसपी केसी गोस्वामी, डीएसओ रामेन्द्र यादव, कृषि अधिकारी जेपी यादव आदि रहे। कार्यक्रम के शुरुआत में जीजीआईसी की छात्रा शिवांगी तिवारी, प्रिया सिंह, प्रिया वर्मा एवं आ यशा खातून ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संचालन सपा के जिला उपाध्यक्ष जमाल आलम ने किया।