नगरा। थाना क्षेत्र के चंद्रवार गांव का एक युवक अपनी प्रेमिका पर खर्च किए पैसों को छुपाने के लिए लूट की झूठी कहानी रच डाली। हालांकि युवक की तहरीर पर पुलिस हरकत में आई तो मामले की असलियत सामने आने में देर नहीं लगी। फिलहाल पुलिस ने युवक को आगाह करते हुए हिदायत देकर छोड़ दिया।
चंद्रवार गांव के युवक की सोनापाली चट्टी पर गिट्टी-बालू की दुकान है। युवक शुक्रवार की रात थाने पहुंचा और 50 हजार रुपये लूट की तहरीर दी। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना गश्त पर निकले थानाध्यक्ष को दी। एसओ इसकी सूचना आगे बढ़ाते हुए घटना स्थल पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद युवक से पैसों के लेनदेन के बारे में जानकारी ली कि इतने पैसे कहां से आए। इस पर युवक ने तमाम कागजात दिखाए, लेकिन वह पैसों का सही साक्ष्य नहीं दे पाया। पैसे का सही साक्ष्य नहीं मिलने पर युवक के मोबाइल को सर्विलांस पर लेकर जानकारी खंगाली गई। मामला संदिग्ध लगने पर एसओ ने कड़ाई से पूछताछ की तो युवक ने पैसों को अपनी प्रेमिका पर खर्च करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने युवक के परिजनों को बुलाकर घटना की सच्चाई से अवगत कराया और युवक को भविष्य में ऐसा नहीं करने की कड़ी हिदायत दी।