रेवती। रेवती थाना क्षेत्र के चौबेछपरा में शनिवार को एक विवादित नवनिर्माणाधीन मकान के ऊपर लगे शटरिंग आदि को लेकर स्थगन आदेश का पालन कराने गई पुलिस पर एक पक्ष ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस घटना के बाद पुलिस शटरिंग का पटरा हटवाए बिना वापस लौट गई।
कमलेश और उपेंद्र आदि नया मकान बनवा रहे हैं। दीवार खड़ी हो गई हैं तथा पटरा से शटरिंग भी करा लिया गया है। गांव के अखिलेश चौबे ने दीवानी अदालत का स्थगन आदेश प्रस्तुत कर काम को रोकने के लिए थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। इसी प्रकरण के निस्तारण के लिए एसआई वीपी पांडेय तथा परमानंद त्रिपाठी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा शटरिंग हटाने को कहा गया, लेकिन कमलेश आदि पक्ष के लोग इस पर आनाकानी करने लगे। अभी बातचीत हो ही रही थी कि अचानक कमलेश आदि पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव के बाद मौके पर खड़े लोगों में भगदड़ मच गई। स्थिति को देख पुलिस वापस लौट गई। इसके बाद एसआई वीपी पांडेय की तहरीर पर 12 नामजद तथा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा आदि के तहत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएचओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि इस घटना में पुलिस टीम पर हमला करने वाले सभी लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।