नगरा। ट्राली चोरी होने के 10 घंटे के भीतर ही पुलिस ने ट्राली व बिना रजिस्ट्रेशन का स्वराज ट्रैक्टर बरामद करने के साथ ही घटना में संलिप्त दो बदमाशों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों का चालान कर दिया है। ट्राली एक दिन पहले परशुरामपुर गांव से चोरी की गई थी।
थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव से तारकेश्वर चौहान की पावर ट्राली को शनिवार की रात किसी वक़्त चोरों ने गायब कर दिया। पीड़ित को ट्राली चोरी की जानकारी सुबह हुई तो उसने पुलिस को चोरी की तहरीर दी। थानाध्यक्ष संजय कुमार सरोज ने बताया कि चोरी की जानकारी होते ही पुलिस अलर्ट हो गई। गश्त के दौरान सूचना मिली कि परशुरामपुर गांव से चोरी हुई ट्राली ताड़ीबड़ा गांव के एकभिटिया मन्दिर के समीप खड़ी है। एकभिटिया मन्दिर के पास बिना नंबर का स्वराज ट्रैक्टर व ट्राली खड़ी थी। दो व्यक्ति उस पर बैठे थे जो पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। नाम पता पूछने पर दोनों ने अपना नाम राकेश शर्मा निवासी मझौवा थाना भीमपुरा तथा काशी कन्नौजिया निवासी अमावे थाना भीमपुरा बताया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के साथ ही ट्रैक्टर व ट्राली को थाने ले आई। तथा सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दोनो को न्यायालय चालान कर दिया।