उभांव थाना क्षेत्र के जाहिदपुर झिंगहटा ग्राम के पास दोहरीघाट पंप कैनाल से मिले लड्डू गोपाल और ह
बेल्थरारोड/चौकियामोड़। उभांव थाना क्षेत्र के जाहिदपुर गांव झंगहटा के करीब दोहरीघाट सहायक पंप कैनाल में बृहस्पतिवार को मछली पकड़ने के दौरान भगवान श्री हनुमान और श्री बालगोपाल की धातु की दो प्रतिमाएं मिलने से क्षेत्र में कौतूहल और आस्था का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और प्रतिमाओं के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पुलिस ने दोनों प्रतिमाओं को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जाहिदपुर निवासी रमाशंकर राजभर रोज की तरह नहर में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान उनका जाल अचानक भारी हो गया। पहले उन्हें लगा कि कोई बड़ा ई़़ंट पत्थर फंस गया है, लेकिन जब वह जाल बाहर निकाले तो उसमें भगवान हनुमान और बालगोपाल की दो प्रतिमाएं देखकर वह चौंक गए।
ग्रामीणों के अनुसार हनुमान जी की प्रतिमा का वजन लगभग 8 से 10 किलोग्राम तथा बालगोपाल की प्रतिमा का वजन करीब ढाई से तीन किलोग्राम है। हनुमान जी के प्रतिमा पर हाथ और पूछ पर कुछ कट के निशान भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने धातु की जांच या परख के लिए उसे काटने का प्रयास किया होगा। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि विशेषज्ञों की जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रतिमाओं का सुरक्षित संरक्षण कराने की मांग की है।