सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन परिसर में खड़े बेतरतीब वाहनों के चलते लगा जाम।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन परिसर में ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा के बेतरतीब बड़ी संख्या में खड़ा कर देने से यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने में घोर असुविधा हो रही है। आलम यह है कि अगर यात्री स्टेशन से बाहर आ रहे हैं तो उनके कपड़े ई रिक्शा तथा ऑटो रिक्शा में फंस कर फट जा रहे हैं। यात्रियों के विरोध करने पर ई रिक्शा व ऑटो रिक्शा चालक झगड़ा झंझट पर उतारू हो जा रहे हैं। जीआरपी व रेलवे सुरक्षा बल को बार-बार सूचना देने के बावजूद उनके द्वारा अवैध पड़ाव नहीं हटाया जा रहा है, न ही यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए कोई कार्रवाई की जा रही है।बता दें कि बलिया- छपरा रेलखंड पर सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री ट्रेन पर चढ़ते-उतरते हैं। स्टेशन परिसर में ई रिक्शा व ऑटो रिक्शा इस तरह बेतरतीब खड़ा कर दिया जा रहा है कि जाम की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। यात्रियों के पास अगर सामान हो तो उन्हें स्टेशन परिसर से बाहर निकलने में काफी समय लग रहा है। वाहनों में उलझ कर उनके कपड़े फट जा रहे हैं। अवैध पड़ाव हटाने के लिए स्थानीय लोगों ने कई बार डीआरएम वाराणसी, जीआरपी बलिया व आरपीएफ बलिया को शिकायती पत्र भेजा। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोकल पुलिस इस स्टेशन परिसर को जीआरपी का कार्य क्षेत्र बताकर अपना पल्ला झाड़ ले रही है। ऐसे में आए दिन जाम के चलते लोगों की ट्रेन भी छूट जा रही है।
------------
यह प्रकरण आरपीएफ व सिविल पुलिस को देखना चाहिए। फिर भी मैं स्वयं इस मामले को देखवाऊंगा। मैं प्रयास करूंगा कि यात्रियों को कोई असुविधा ना हो, इस समस्या का समुचित समाधान हो जाए।
- राघवेंद्र सिंह यादव, थानाध्यक्ष, जीआरपी