शहर के आवास- विकास कालोनी में कूड़ा निस्तारण की जानकारी देते नगरपालिका कर्मचारीयों के साथ एसआरस?
- फोटो : BALLIA
बलिया। स्वच्छ भारत मिशन को अधिक प्रभावशाली क्रियान्वयन के लिए राज्यस्तरीय परियोजना प्रबंधन इकाई के रूप में नामित उत्तर प्रदेश राज्य रिसोर्स सेंटर फॉर वेस्ट मैनेजमेट की स्थापना के माध्यम से शहरों और कस्बों में स्वच्छता में सुधार करने के लिए लक्षित किया गया है। जिसके तहत शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य रिसोर्स सेंटर फॉर वेस्ट मैनेजमेट के प्रबंधक सुधीश केएस, ईओ डीके विश्वकर्मा, नपा अध्यक्ष अजय कुुमार समाजसेवी के साथ नगर के आवास विकास कॉलोनी का निरीक्षण किया।
सुधीश केएस ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य रिसोर्स सेंटर फॉर वेस्ट मैनेजमेट, लखनऊ द्वारा नगर पालिका इटावा में पायलेट प्रोजेक्ट की स्थापना की गई है। इसके बाद जनपद बलिया में स्थापना के लिए कार्रवाई चल रही है। इसके अंतर्गत प्रत्येक वार्ड में करीब 150 से 200 परिवारों पर एक मोहल्ला कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी के सदस्यों द्वारा स्वयं ही कूड़े का उठान किया जाएगा। प्रत्येक कमेटी द्वारा गीले कूड़े के निस्तारण के लिए कम्यूनिटी कम्पोस्टर का इस्तेमाल किया जाता है जो नगर पालिका परिषद की सहायता से उपलब्ध कराया जाता है एवं सूखे कूड़े को प्रोसेसिंग के लिए एमआरएफ भेजा दिया जाता है। इटावा में सफल क्रियान्वयन के बाद अब एसआरसी की टीम द्वारा नगर के आवास विकास कालोनी का निरीक्षण किया। बताया कि एएमआरयूटी एवं गंगा किनारे स्थित शहरों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 400 मास्टर ट्रेनर्स निकायों से चयनित कर तकनीकी प्रशिक्षण देकर तैयार किए जाएंगे। यह मास्टर ट्रेनर्स प्रत्येक वार्डो में तैनात किए जाएंगे। बताया कि यह मास्टर ट्रेनर्स लोगों को कूड़े के निस्तारण के लिए जाग़ृत कर बताएंगे कि घर में दो डस्टबिन रखें। एक डस्टबिन में सूखा और दूसरे डस्टबिन में गीला कूड़ा डाले और कमेटी के सदस्यों के पहुंचने पर उन्हें दे दें। कूड़े को किसी भी समय कभी भी इधर-उधर ना फेंके। निर्धारित समय पर पहुंचने पर कमेटी के सदस्यों को कूड़ा निकालकर बाहर दें। जिससे आपको मोहल्ला साफ-सुथरा रहे और एक मॉडल वार्ड के रूप में स्थापित हो। अंत में सुधीश केएस के नेतृत्व में टीम ने उप जिलाधिकारी सर्वेश यादव एंव नपा के अधिशासी अधिकारी दिनेश विश्वकर्मा के साथ बैठक कर इस प्रोजेक्ट को प्रभावी ढगं से लागू किये जाने पर विचार विमर्श किया। इस मौके पर विशाल सिंह, अशोक सिंह, सूर्यप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।
.
एकत्रित कूड़े से बनेगा जैविक खाद
बलिया। सुधीश केएस ने बताया कि एकत्रित कूड़े से जैविक खाद बनाया जाएगा। जिसे जनपद समेत अन्य जिलों में किसानों को बेचा जाएगा। यह जैविक खाद किसी भी फसल के दौरान खेतों में प्रयोग किया जा सकता है। बताया कि इस कूड़े से जहां एक तरफ जैविक खाद का निर्माण होगा। वहीं दूसरी तरफ वार्डो में स्वच्छता भी रहेगी।