सिकंदरपुर। समाजवादी पार्टी द्वारा रविवार को खरीद कांटे पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन पूर्व मंत्री जियाउद्दीन रिजवी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर को दिया गया।
पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, अराजकता और भ्रष्टाचार से कराह रही है। यूरिया के लिए किसान दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। डीजल का भाव आसमान छू रहा है जिसके कारण जोताई महंगी हो गई है। खाद बीज एवं कीटनाशक दवाओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। आज किसान खेती छोड़ने पर मजबूर हो रहा है। दरौली घाट का पुल अक्तूबर महीने में बनकर तैयार हो जाना चाहिए जो अब तक नहीं बन पाया है। विगत पांच वर्षों से समाजवादी पार्टी द्वारा हर वर्ष पीपा का पुल चालू कराने के लिए धरना प्रदर्शन करना पड़ता है जो वर्तमान सरकार के आमजन विरोधी होने को दर्शाता है। इस वर्ष भी दिसंबर महीने में उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर को ज्ञापन देकर पीपा का पुल अति शीघ्र बनाने के लिए आग्रह किया गया था। जिसके बाद पीपे का पुल का निर्माण कार्य शुरू कर पुन: बंद कर दिया गया। ऐसे में सात किलोमीटर की दूरी तय करने हेतु 70 किलोमीटर तक चलना पड़ रहा है। जिसे कारण आम जनता बहुत परेशान है। इस मौके पर भीष्म यादव, डॉ मदन राय, विवेक सिंह, अनंत मिश्र, त्रिलोकी यादव, शिवजी त्यागी, दिनेश चौधरी, राजेंद्र यादव, बूढ़ा यादव, देवनाथ राजभर, रवि यादव, बबलू सिंह, गुरुजलाल राजभर, संजय यादव, हरिंदर पासवान, लालू शर्मा आदि रहे । अध्यक्षता हीरालाल बन्धु व संचालन मुनिलाल यादव ने किया ।