बलिया। पुर गांव में करोड़ों की लागत से बन रहे प्रदेश के चौथे स्पोर्ट्स कालेज के निर्माण कार्य का जायजा डीएम श्रीहरि प्रताप शाही ने सोमवार को लिया। इस दौरान वहां स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की स्पीड धीमी होने की बात कही। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अभियंता लल्लन यादव को कार्य की स्पीड बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि तीन दिन के अंदर निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कालेज का मास्टर प्लान उनके समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रुप से कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रहे। इसमें अगर मानक से कोई खिलवाड़ हुआ तो जो भी जिम्मेदार होगा उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कालेज के पूरे परिसर में भ्रमण किया। डीएम ने जनपद में प्रस्तावित सैनिक स्कूल के लिए भी जमीन देखी। हालांकि जमीन चिह्नांकन पर अंतिम मुहर अभी नहीं लगी है। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसी ही जगह पर सैनिक स्कूल भी होना चाहिए। भूमि उपलब्धता के लिए उन्होंने तहसीलदार दूधनाथ राम के साथ चर्चा की। वहां मौजूद लोगों से बातचीत में कहा कि स्पोर्ट्स कॉलेज और सैनिक स्कूल के निर्माण से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार दूधनाथ राम, ध्रुवजी सिंह स्मृति सेवा संस्थान के सचिव भानु प्रकाश सिंह ‘बबलु’ हरिवंश इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विनोद तिवारी, निर्माण निगम के अधिकारी कर्मचारी व अन्य स्थानीय लोग मौजूद थे।