बलिया। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी विकास खंडों में 18 अप्रैल से विशेष स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। 23 अप्रैल तक चलने वाले इन मेलों में स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न गतिविधियां होंगी।
सीएमओ डॉ नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि स्वास्थ्य मेला के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की ओर से चलाई जा रही योजनाओं व कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। मेले में सामान्य चिकित्सा, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श, मोतियाबिंद की जांच, आंख,कान, नाक एवं गले की जांच की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा आयोजन में दंत चिकित्सा जांच, त्वचा की जांच, पोषण के लिए परामर्श, एड्स नियंत्रण के लिए परामर्श, कुष्ठ नियंत्रण, टीबी नियंत्रण, मलेरिया और आंखों की जांच सुविधा उपलब्ध रहेगी। धूम्रपान और तंबाकू के सेवन से बुरे प्रभाव की जांच, कैंसर नियंत्रण जागरूकता समेत अन्य विभागों के इलाज संबंधी सेवाएं भी मिल सकेंगी। बताया कि 18 अप्रैल को सीयर, बांसडीह, बेलहरी, 19 को दुबहर, बैरिया, मुरली छपरा, 20 को सोहाव, चिलकहर, रेवती, हनुमानगंज, 21 को नगरा, रतसर 22 को नवानगर, पंदह तथा 23 अप्रैल को बेरूआरबारी मनियर, रसड़ा के स्वास्थ्य केंद्रों पर मेला का आयोजन होगा।