शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने तीन दुकानों को किया राख
संवाद न्यूज एजेंसी
बेल्थरारोड। नगर की मुख्य सड़क से सटे मातादीन गली के पास मंगलवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से एक दुकान में आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण करते हुए आसपास की तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकानों में रखे लाखों रुपए के कपड़े, नकदी और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
बताया जाता है कि मातादीन गली के मोड़ पर भुवनेश्वर की सब्जी की दुकान है। आधी रात के बाद शार्ट सर्किट के चलते दुकान में आग लग गई। धीरे-धीरे आग फैलकर सटे हृदयानंद, ओमप्रकाश और दयानंद की कपड़े और जनरल स्टोर की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। रमजान का सहरी करने के लिए जगे रोजेदारों ने धुआं और आग की उठती लपटों को देख शोर मचाया और काफी प्रयासकर आग पर पानी उड़ेल कर काबू पाया। इस बीच फायर ब्रिगेड वाहन से पानी की बौछारों को फेंककर आग बुझाया गया। तब तक चार दुकानों में रखा करीब 20 लाख रुपए से अधिक के कपड़े, सब्जी, नकदी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त, पूर्व विधायक गोरख पासवान, थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर मिश्र, चौकी प्रभारी आरके सिंह मौके पर पहुंचे घटना का जायजा लिया।
शार्ट सर्किट से लगी आग में 18 बीघा गेहूं की खड़ी फसल राख
संवाद न्यूज एजेंसी
नरही। नरहीं गांव के बाहर मैदनवा मौजे में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में खेतों में खड़ी गेहूं की फसल करीब 18 बीघा जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। फायर सर्विस की गाड़ी भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। नरहीं गांव के किसानों का खेत मैदनवा मौजा में है, जहां बुधवार की दोपहर में बिजली के तार से चिंगारी खेत में गिरी और खेतों में खड़ी गेहूं फसल में आग लग गई और देखते ही देखत श्यामा देवी, जगदीश राय, उमेश राय, अनिल राय, अरविंद राय, संजय राय, राजीव राय, धीरेंद्र राय, विनोद राय, जयप्रकाश राय, शिवकुमार, राम नारायण राय के खेतों में खड़ी गेहूं की करीब 18 बीघा फसल जलकर राख हो गई। पास ही में प्याज के खेत में मजदूरी कर रहे मजदूरों ने हो हल्ला मचाया और ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।