बाढ़ व कटान क्षेत्र का निरीक्षण करते सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। बकुलहा संसार टोला तटबंध के सठिया ढाला के पास स्पर का 70 प्रतिशत भाग कटान की भेंट चढ़ने के मामले को बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने गंभीरता से लिया है। सांसद ने लखनऊ के संबंधित सीनियर अधिकारियों से कड़े शब्दों में नाराजगी व्यक्त करते हुए जांच की मांग की। वहीं बाढ़ खंड के एसई से भी वार्ता कर नाराजगी व्यक्त किया। जबकि जिलाधिकारी से कहा कि अठगांवा से रामगढ़ तक करीब 60 करोड़ की लागत से हो रहे कटान रोधी कार्य की जांच होनी चाहिए, साथ ही जिलाधिकारी को बताया कि अठगांवा में मौके पर जाकर प्रारंभिक जांच कर लें और संबंधित मंत्रालय को इसकी रिपोर्ट भेजें, साथ ही यह भी कहा कि जब तक जांच ना हो जाए तब तक संबंधित कार्यदाई संस्था का भुगतान रोक दिया जाए।
बता दें कि सठिया ढाला के पास स्पर के कटने से नाराज ग्रामीण बलिया सांसद से मिलने पहुंच गए और निर्माण कार्य में हुई धांधली का आरोप लगाया। ग्रामीणों की शिकायत पर सांसद तुरंत एक्शन मोड में आ गए और लखनऊ के संबंधित विभाग से लेकर जिलाधिकारी तक को जरूरी दिशा निर्देश दिया। सांसद ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि गत वर्ष जो लापरवाही बरती गई जिसका खामियाजा ग्रामीण भुगत चुके हैं, अब ऐसा होने नहीं दिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को जानकारी दिया कि बाढ़ विभाग द्वारा किए जा रहे कटाव रोधी कार्य में राज्य सरकार व केंद्र सरकार का पैसा है ऐसे में मैं राज्य सरकार व केंद्र सरकार से मिलकर निष्पक्ष जांच करा कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई कराऊंगा।