बैरिया। जिस राज्य के राजा कमजोर होते हैं उस राज्य का पतन हो जाता है। उक्त बातें बैरिया थाना में बुधवार को औचक निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र नाथ ने कही।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने की कार्यशैली को देख आगबबूला थे। इस दौरान एसएचओ संजय त्रिपाठी, एसआई समेत पुलिसकर्मियों को फटकार लगाई। एसएचओ को फटकार लगाते हुए कहा कि देखने से लग रहा है कि थाने पर आपका नियंत्रण नहीं है। थाने के सामने मालखाने के छत पर रखे अवैध शराब की खाली गैलन व नीचे विद्युत तार व कूड़ा देख थानाध्यक्ष को फटकारा। एसपी ने माल खाना रजिस्टर व मुकदमों की विवेचना रजिस्टर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लंबित मुकदमों को देख विवेचकों को फटकार लगाई। पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बैरिया थाने के हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को एसओजी व स्वॉट टीम से गिरफ्तार करवाना पड़ा, बैरिया पुलिस एक भी अपराधी को गिरफ्तार करने में फेल रही। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बिहार के सीमावर्ती इलाकों का निरीक्षण कर गहन चेकिंग की गई। इस दौरान लॉकडाउन के अनुपालन का भी जायजा लिया गया और थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया गया।