बकुलहा रेलवे स्टेशन से डीआरएम कार्यालय वाराणसी के लिए निकली सपा कार्यकर्ताओं की साइकल यात्रा रविवार को सपा कार्यालय पर पहुंची। जहां पार्टी के पदाधिकारियों ने राधेश्याम यादव तथा सहयोगियों का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद यात्रा वाराणसी रवाना हो गई।
बकुलहां रेलवे स्टेशन का नाम जयप्रकाश नारायण के नाम से किए जाने सहित विभिन्न मांगों के समर्थन निकाली गई साइकल यात्रा रविवार को जिला मुख्यालय स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंची।
जहां पर पार्टी के पदाधिकारियों ने साइकल यात्रा के यात्रियों का भव्य स्वागत फूल माला से किया। इस मौके पर साइकल यात्रा की अगुवाई कर रहे निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष राधेश्याम यादव ने कहा कि बलिया-छपरा मार्ग पर बंद की गई छपरा-मड़ुआडीह डीएमयू का परिचालन तत्काल शुरू कराया जाय।
बकुलहां रेलवे स्टेशन पर उत्सर्ग, सारनाथ, पवन, सियाल्दह आदि एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव किया जाय। विभिन्न मांगों के समर्थन में डीआरएम का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर लोहिया वाहिनी के उपाध्यक्ष अजीत कुमार यादव, शैलेश यादव, सुभाष हरेंद्र गोंड, सत्येंद्र पाठक, विजय जायसवाल, कृष्णा आदि रहे।