चार सूत्रीय मांगों को लेकर सिकंदरपुर एसडीएम को संबोधित मांग पत्र प्रभारी तहसीलदार अजीत कुमार स
सिकंदरपुर। किसानों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रभारी तहसीलदार अजीत कुमार सिंह को सौंपा। नेतृत्व विधानसभा अध्यक्ष रामजी यादव और जिला उपाध्यक्ष डॉ. मदन राय ने किया।
सुबह से ही सपा कार्यकर्ता पार्टी के झंडे-बैनर लेकर तहसील मुख्यालय पहुंचे और सरकार विरोधी नारे लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार किसानों, गरीबों और आम जनता की समस्याओं के प्रति असंवेदनशील है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से हाल में आए चक्रवाती तूफान से किसानों की बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा तत्काल देने, जिले की सभी सहकारी समितियों पर डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता की मांग की। खरीद दरौली पक्का पुल के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने तथा सरयू नदी से दियारा क्षेत्र में हो रही कटान को रोकने की मांग की गई। विधानसभा अध्यक्ष रामजी यादव ने कहा कि चक्रवात और बारिश से किसान तबाह हो गए हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि डीएपी की किल्लत से किसान परेशान हैं, जबकि रबी सीजन की बोआई शुरू हो चुकी है। ऐसे में शासन को तत्काल खाद की आपूर्ति करनी चाहिए। डॉ. मदन राय ने कहा कि कटान से हर साल दियारा क्षेत्र की सैकड़ों बीघा भूमि नदी में समा जाती है, लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही है। खरीद दरौली पक्का पुल का निर्माण वर्षों से अधर में है, जिससे दियारा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। यदि प्रशासन जल्द ठोस कदम नहीं उठाता है, तो सपा आंदोलन करेगी। मांग पत्र सौंपने वालों में भीष्म यादव, अनंत मिश्रा, खुर्शीद आलम, चंद्रमा यादव, गुरुजलाल राजभर, छन्नू सिंह मौजूद रहे।