सत्तारूढ़ दल के सीयर विधायक गोरख पासवान को मंगलवार की रात मोबाइल फोन पर राजनीति नहीं करने अन्यथा जाने से मारने की धमकी दी गई है। विधायक ने पुलिस के आलाधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी है।
बेल्थरारोड विधानसभा के सपा विधायक गोरख पासवान के मोबाइल पर मंगलवार की रात करीब 10 बजे एक फोन आया, जिसका नंबर नहीं दिख रहा था।
विधायक द्वारा फोन उठाने पर उन्हें धमकाते हुए राजनीति नहीं करने की हिदायत दी गई। साथ ही ऐसा नहीं करने पर परिणाम भुगतने और जान से मारने की चेतावनी दी गई।
इस फोन कॉल से विधायक सकते में आ गए। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस अफसरों को दी। विधायक पासवान को मिली इस धमकी को जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव से भी जोड़ कर देखा जा रहा है।
विधायक पासवान के बेटे सुधीर जिला पंचायत का चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में विधायक की नजर जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी पर भी है। विधायक पासवान ने धमकी मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि वे इस तरह के कायराना हरकत से डरने वाले नहीं हैं और नि:स्वार्थ भाव से जनता की सेवा करते रहेंगे।