छोटा शकील बनकर रंगदारी मांगने वाले दो बदमाशों को सिकंदरपुर पुलिस ने बुधवार की सुबह बालूपुर रोड स्थित शीतगृह के पास से गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी थी।
सीओ सिकंदरपुर सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पकड़े गए आरोपी लखनऊ निवासी उत्कर्ष रंजन सिंह और दीपक दीक्षित हैं। 29 अक्तूबर को दीपक दीक्षित ने भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष ओंकार चंद सोनी के मोबाइल पर फोन किया और छोटा शकील बनकर उनसे पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी।
मांग न मानने पर जान से मारने की धमकी दी भी थी। सोनी की शिकायत पर पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उनके काल डिटेल निकलवाए और बुधवार की सुबह दोनों बदमाशों को बालूपुर रोड स्थित शीतगृह के पास से दबोच लिया।
बदमाशों के पास से दो मोबाइल और पांच सिमकार्ड बरामद हुए हैं। इनमें वह सिम भी शामिल है जिससे सोनी से रंगदारी मांगी गई थी। सीओ ने बताया कि गिरोह में लखनऊ के मोहन रस्तोगी, राहुल रस्तोगी के अलावा आंध्र प्रदेश के दो व्यक्ति भी शामिल हैं। गिरोह देश भर में व्यापारियों को फोन कर उनसे छोटा शकील बन कर रंगदारी वसूलता है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों का चालान कर दिया है।