सिकंदरपुर। कांवड़ यात्रियों को अनपढ़ और गंवार कहने पर सिकंदरपुर से सपा विधायक मोहम्मद रिजवी का विरोध शुरू हो गया।
रविवार को जल्पा मंदिर के समीप हुई बैठक में भाजपा नेताओं ने बयान की निंदा की। सोमवार को सिकंदरपुर बाजार बंद रखने और बस स्टेशन चौराहे पर विधायक का पुतला फूंकने का एलान किया। वहीं, बढ़ते विवाद के बीच विधायक मो. रिजवी ने माफी मांगी है। उनका कहना है कि सरकार की नीतियों का विरोध करते समय भावनाओं में बह गया था। किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की मंशा नहीं थी।
गत दिवस कलेक्ट्रेट स्थित गंगा सभागार में सपा के आरक्षण एवं संविधान मान स्तंभ दिवस कार्यक्रम में सपा विधायक मोहम्मद रिजवी ने कांवड़ियों के विरुद्ध टिप्पणी की थी। उनके इस बयान के बाद भाजपा व हिंदू संगठनों में आक्रोश है। बैठक में भाजपा नेता व पूर्व विधायक भगवान पाठक ने कहा कि देवघर में हिंदुओं के साथ मुसलमान भी जल चढ़ाने के लिए जाते हैं।
किसी की आस्था के प्रति अपमान करने की क्षेत्रीय विधायक की आदत बन गई है। देवघर में राजा, रंक, फकीर सब एक साथ बाबा के दरबार में जाते हैं। मैं उनको सलाह दूंगा कि एक बार वह जरूर जाकर देख लें, जिससे उनको सुबुद्धि आ सके। उलूल-जुलूल बयान देना बंद नहीं किया तो सड़क पर उतरकर जवाब दिया जाएगा।
भाजपा के जिला महामंत्री प्रयाग चौहान ने कहा कि सनातन धर्म और उसके अनुयायियों के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी निंदनीय है। यह बयान हिंदुओं का अपमान है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि विधायक रिजवी पहले भी सनातन विरोधी बयान देते रहे हैं। इस मौके पर गोलू बरनवाल, जयप्रकाश, गोवर्धन प्रसाद, रविंद्र वर्मा, अवधेश सिंह, अनूप जायसवाल समेत कई लोग मौजूद रहे। बैठक में जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई।