बलिया। थाना समाधान दिवस पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और एसपी विक्रांत वीर ने सहतवार में लोगों की शिकायतें सुनीं। थाने पर पांच लोग शिकायत लेकर पहंुचे थे। तीन शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
डीएम और एसपी ने राजस्व से संबंधित शिकायतों पर उप जिलाधिकारी को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर निस्तारण के निर्देश दिए। थाना स्तर पर लंबित आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर थाना प्रभारी को निस्तारण के लिए कहा। एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी उपस्थित थे।
नरही थाने पर कुल चार मामले आए। इसमें दो का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। थाने पर एक भी कानूनगो मौजूद नहीं था। अपनी फरियाद लेकर पहुंचे दुलारपुर गांव निवासी विभूति सिंह, गंगा सागर सिंह ने आवेदन देकर बताया कि जमीन मेरे नाम से है, लेकिन मेरे पट्टीदार खेत की जुताई बुआई कर रहे हैं। नरही गांव निवासी कन्हैया तिवारी ने कहा कि अपनी जमीन की पैमाइश कराने के लिए पांच साल से चक्कर काट रहा हूं। इच्छा चौबे का पूरा गांव निवासी मंगला राम ने बताया कि उनकी जमीन पर दूसरे लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। थानाध्यक्ष सुनील चन्द्र तिवारी ने बताया कि चार मामले आए थे। दो का निस्तारण कर दिया गया। 11 लेखपाल मौजूद रहे, लेकिन एक भी कानूनगो नहीं थे।
बैरिया थाने में तहसीलदार सुदर्शन कुमार की अध्यक्षता में लोगों की फरियाद सुनी गई। भूमि विवाद के मामले ज्यादा रहे। कुल 16 मामले आए, 10 भूमि विवाद के थे। चार मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। टेगरही निवासी अखिलेश सिंह ने सौतेली मां पर घर से निकाल देने की शिकायत की। क्षेत्राधिकार डीके श्रीवास्तव ने सौतेली मां को गलत बताते हुए अखिलेश को घर में ही रहने की व्यवस्था दी। थाना समाधान दिवस में तहसीलदार के अलावा क्षेत्राधिकार बैरिया डीके श्रीवास्तव ,प्रभारी निरीक्षक अशोक दत्त त्रिपाठी संबंधित क्षेत्र के लेखपाल मौजूद रहे।
उभांव थाना परिसर में नायब तहसीलदार दीपक सिंह की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस पर कुल 8 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें 3 का मौके पर निस्तारण किया गया। एसएचओ विपिन सिंह आदि मौजूद रहे।