किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के उत्पीड़न के विरोध में आवाज बुलंद की।
चेतावनी दी कि इस दिशा में प्रदेश सरकार ने सार्थक पहल नहीं की तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान हुई सभा में भाजपा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि सपा सरकार में हत्या, लूट, बलात्कार जैसी घटनाएं आम हो गई है।
अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। विगत दिनों रेवती थाना क्षेत्र के दियारा भागर क्षेत्र में 15 वर्षीय बालिका का हथियार से लैस बदमाशों ने अपहरण कर लिया। जिसका आज तक खुलासा नहीं हो सका।
फेफना विधायक उपेंद्र तिवारी ने कहा कि जनपद में व्याप्त राजस्व चोरी, जमीनों को शासन सत्ता के बल पर कब्जा करने के साथ ही एनआरएचएम का धन बंदरबांट किया जा रहा है।
लोकनिर्माण विभाग में फर्जी टेंडर के सहारे लूट-खसोट जारी है। कागजों पर कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस मौके पर विनोद शंकर दूबे, कैलाश बिहारी सिंह, नकुल चौबे, भगवान पाठक, सुरजीत सिंह, मनोज पांडेय, अमिताभ, संध्या, सुनीता, विजयानंद, बिजुल, संजय मिश्र आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता देवेंद्र यादव तथा संचालन जयप्रकाश साहू ने किया।