Ballia News: पारिवारिक विवाद में एक बेटे ने अपने पिता की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के दौरान दो भाई भी गंभीर रूप से घायल हुए, जिनको जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पारिवारिक विवाद में कलयुगी पुत्र ने पिता व भाइयों पर चाकू से वार कर दिया। इसमें पिता लालजी यादव की मौत हो गई और दो भाई घायल हो गए। घायल भाइयों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
क्या है मामला
क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि दोकटी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी लालजी यादव (48) और उनके पुत्र मुकेश यादव के बीच पारिवारिक विवाद में बंटवारे की बात हो रही थी। इसी बीच बात बिगड़ गई और मुकेश यादव ने अपने ही पिता लालजी यादव, भाई राकेश कुमार यादव (20) और गोविंद यादव (18) पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकू लगने से तीनों लोग लहूलुहान हो गए। परिजनों सहित आसपास के लोगों ने उन्हें सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लालजी यादव को मृत घोषित कर दिया। घायल भाइयों का प्राथमिक उपचार कर स्थिति गम्भीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर प्राप्त होते ही संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।