बेल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के मुबारकपुर में शनिवार की सुबह एक युवक ने फावड़े से प्रहार कर पिता की हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहंुची। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार युवक मानसिक रूप से बीमार है।
मुबारकपुर गांव निवासी जयप्रकाश चौहान (55) अपने पुत्र मोहित चौहान के साथ चंद्रौली गांव स्थित खेत में सिंचाई कर रहे थे। इस दौरान मोहित ने पिता के सिर पर फावड़े से प्रहार कर दिया। सिर पर चोट लगने से जयप्रकाश लहूलुहान होकर खेत में अचेत हो गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने जयप्रकाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहंुची।
परिजनों के अनुसार मोहित मानसिक रूप से बीमार है। दो वर्षों से वाराणसी में उसका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर लिया गया है। जयप्रकाश के चचेरे भाई वीरेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।