सपा के जिला कार्यालय पर समाजवादी चिंतक जनेश्वर मिश्र की छठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर पासवान ने कहा कि जनेश्वर मिश्र वाकई समाजवादी नेता थे। उन्होंने कभी भी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
विशिष्ट अतिथि रंजीत चौधरी ने कहा कि जनेश्वर मिश्र के आदर्शों का अनुसरण करना ही कार्यकर्ताओं के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अध्यक्षता कर रहे शिक्षक एवं सपा नेता नंदगोपाल ने कहा कि स्व. मिश्र समाजवाद के अप्रतिम योद्धा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थी जीवन से ही समाजवाद की राजनीति शुरू की थी।
कहा कि मिश्र चार बार लोकसभा और तीन बार राज्यसभा सांसद रहे। बलिया में जन्मभूमि होते हुए भी उन्होंने इलाहाबाद को ही कर्मभूमि बनाया। इस मौके पर समाजवादी छात्र महासभा के अध्यक्ष राना कुनाल सिंह, यूथ बिग्रेड के अध्यक्ष चंदन यादव, कार्यालय प्रभारी यादुवेंद्र सिंह यादव, लालू यादव, भीम चौधरी, मिथिलेश सिंह, जल्लालुद्दीन खां, पहाड़ी मिश्र, सूरज तिवारी, धर्मेंद्र यादव आदि रहे।
अध्यक्षता नंदगोपाल तथा संचालन सुशील कुमार पांडेय ने किया। इसी क्रम में सिविल कोर्ट परिसर में जेपी विचार मंच के अध्यक्ष द्विजेंद्र मिश्र की अध्यक्ष में श्रद्धांजलि सभा की गई। इस मौके पर विजय शंकर चौबे, प्रमोद शुक्ल, कृष्ण कुमार ठाकुर, अजय आदि अधिवक्तों ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला।
नरहीं संवाददाता के अनुसार कृष्णा शिक्षा निकेतन नरहीं पर छोटे लोहिया जनेश्रर मिश्र की पुण्यतिथि मनाई गई। साथ ही उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। इस मौके पर प्रबंधक रविकांत उपाध्याय, लल्लू, अरुण तिवारी, मनीष उपाध्याय आदि रहे।