बेरुआरबारी/दुबहड़। दो थाना क्षेत्रों में सर्प दंश से किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। इन्हें परिजन अस्पताल ले गए और झाड़फूंक भी कराया। लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। मौत से परिजन बिलखते रहे।
बेरुआरबारी : खेजुरी थाना क्षेत्र के तारडीला निवासी सत्यदेव यादव 47 शनिवार की सुबह अपने धान के खेत में घूमने के लिए गए थे, जहां मेड़ पर बैठे नाग ने काट लिया। सर्प के काटने की बात उन्होंने आस पास के खेतों काम रहे लोगो से बताया। लोग उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने गम्भीर स्थिति को देखते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दुबहड़: थाना अंतर्गत अड़रा घोड़हरा गांव में सर्पदंश से परिवार के इकलौते युवक की मौत हो गई। राजू कुमार प्रजापति 18 गुरुवार की सुबह अपने दरवाजे के जमीन पर रखे हुए करकट पर पैर रखकर गेंदे के फूल को सीधा कर रहा था। तभी करकट के नीचे छिपे सांप ने उसके पैर में डस लिया। परिजन उसे इलाज के लिए अमृत पाली स्थित होली क्रॉस स्कूल ले गए। जहां उसे पारंपरिक दवा आदि पिलाने के बाद छोड़ दिया गया। पुन: परिजन उसे शारदा हास्पिटल, बांसडीह रोड स्थित अमवा के सती माई, रसड़ा स्थित अमवा के सती माई, मऊ स्थित फातिमा हॉस्पिटल एवं झाड़-फूंक करने वाले ओझाओं के पास ले गए। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बाद में परिजनों ने शव को गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया।