पंदह। खेजुरी थाना क्षेत्र के सोनपुरवा-हथौज बांध मार्ग पर शुक्रवार देर रात पुलिस ने छह गोवंश लदी पिकअप बरामद की। पुलिस ने वाहन और गोवंश को कब्जे में ले लिया।
थानाध्यक्ष लालमणि सरोज ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12:15 पर उपनिरीक्षक ऋषिकेश गुप्ता हमराहियों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सफेद रंग की पिकअप में छह पशु लादकर हथौज बांध के रास्ते बिहार ले जाने की सूचना मिली। पुलिस ने हथौज बांध के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
तेज रफ्तार वाहन को अपनी ओर आता देख पुलिसकर्मी सड़क किनारे हट गए। इस दौरान पिकअप ने पुलिस के निजी वाहन में टक्कर मार दी और भागने का प्रयास किया। पर कुछ दूर जाने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क गड्ढे में फंस गया। इसी बीच चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें से पांच पशु मिले। चालक की सीट के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, बरामद पिकअप अमित कुमार सिंह निवासी विगाह जमीन भुजनी, बेल्थरा रोड के नाम पंजीकृत है। चालक की तलाश की जा रही है।