पूर। पकड़ी थाना क्षेत्र के रतसर-एकइल मार्ग पर उससा गांव के पास स्थित बहेरा नाले के पूल पर एक युवक से मारपीट कर छिनैती का मामला प्रकाश में आया है।
बैरिया कस्बा निवासी प्रशांत सिंह (22) पुत्र विजय प्रताप सिंह वाराणसी से आई बस से रात में करीब नौ बजे टंडवा चट्टी पर उतरा। वहां से उनको करीब सात किमी दूर पूर गांव में अपने मौसी के घर जाना था। इस दौरान कोई साधन न होने के कारण पास स्थित एक चाय की दुकान पर रुककर वह किसी साधन का इंतजार करने लगा।
थोड़ी ही देर में दो युवक एक बाइक से वहां पहुंचे और इंतजार कर रहे युवक द्वारा पूछने पर उन्होंने बताया कि वे पूर की तरफ ही जा रहे हैं। यह सुनकर युवक ने उनके बाइक पर लिफ्ट ले ली। पीड़ित युवक का आरोप है कि बाइक सवार दोनों युवक ज्योंहि बहेरा नाले पुल पर पहुंचे कि सुनसान स्थान देखकर उन्होंने बाइक रोक दिया और मुझसे मेरा स्मार्टफोन छीनने लगे। विरोध करने पर उन्होंने ने मुझे मारा पीटा। उन्होंने मेरा फोन और पर्स में रखे पैसा छिन कर बाइक से वापस भाग गए।
प्रभारी निरीक्षक पकड़ी शिवमिलन ने बताया कि युवक के द्वारा सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। छिनैैती नहीं हुई है, तीनों लोग एक ही बाइक से टड़वा मोड़ से चले, फिर रास्ते में तीनों में क्या हुआ, उसकी जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है।