वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल निदेशालय की ओर से जिला स्तरीय जूनियर बालक फुटबाल और कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओक्डेनगंज पुलिस चौकी प्रभारी सत्येंद्र राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं फुटबाल को किक मारकर मैच का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मैच नरही और स्टेडियम के बीच ख्ेाला गया। इसमें स्टेडियम की टीम 2-0 से विजयी रही। फाइनल मैच हसन कंस्ट्रक्शन और स्टेडियम के बीच खेला गया। इसमें हसन कंस्ट्रक्शन के खिलाड़ी शुभम सिंह के द्वारा किए गए मात्र एक गोल की बदौलत 1-0 से विजयी रही।
कुश्ती प्रतियोगिता में 40 किलो भार वर्ग में चंदन राजभर, 50 किलो भार वर्ग में बलराम यादव, 57 किलो वर्ग में अभिजीत प्रजापति, 61 किलो भार वर्ग में आशीष कुमार, 65 किलो में वीर नारायण, 70 किलो में चंदन सिंह, 74 किलो वर्ग में शिवम कुमार, 86 किलो वर्ग में राजू कुमार, 97 किलो भार वर्ग में समरजीत और 97 किलो से अधिक भार वर्ग में अभय कुमार सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस मौके पर निर्णायक के रूप में कविलास सिंह, अरविंद गुप्ता, धनंजय मौर्य, रामसदन यादव, कविंद्र राय, रामप्रताप सिंह रहे। फुटबाल के निर्णायक मंडल में अमल कुुंवर, अजीत सिंह, राजू कुमार, अमित कन्नौजिया आदि रहे।
पुरस्कार वितरण वरिष्ठ कोषाधिकारी प्रकाश सिंह और कोषाधिकारी अमित कुमार राय की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। मुख्य अतिथियों का स्वागत क्रीड़ाधिकारी लक्ष्मीशंकर सिंह ने बैज लगाकर और बुके भेंट कर किया। अतिथियों का आभार एवं संचालन मो. जावेद अख्तर ने किया।