जनपद के समस्त महाविद्यालयों में छात्रवृत्ति की मांग को लेकर बुधवार को
छात्रसंघ युवा मोर्चा ने टीडी कालेज चौराहे पर छात्र नेता अमित सिंह के
नेतृत्व में समाज कल्याण अधिकारी का पुतला फूंका। इस दौरान छात्र ने जिला
प्रशासन के खिलाफ नारे लगाया ‘याचना नहीं, रण होगा, संग्राम बड़ा भीषण
होगा..’।
अमित सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में बीते दिसंबर
माह में ही छात्रवृत्ति आ गई है। बावजूद यहां के अधिकारियों की उदासीनता
के कारण छात्रवृत्ति की धनराशि अभी तक छात्र के खाते में नहीं पहुंची।
जिससे छात्र की पढ़ाई-लिखाई प्रभावित हो रही है।
प्रदेश के
मुख्यमंत्री सदा छात्रहित में कदम उठाते हैं और योजना पास करते हैं। लेकिन
जिले में बैठे भ्रष्ट अधिकारी शायद उनकी छवि को बिगाड़ने में तुले हुए हैं।
तभी तो दो महीने बीत जाने के बाद अभी तक खाते में छात्रवृत्ति नहीं
पहुंची।
छात्र नेता दिलीप ने कहा कि शासन द्वारा गरीब छात्र को
दी जाने वाली छात्रवृत्ति व अनुदान कॉलेज प्रशासन व समाज कल्याण विभाग के
पेच में फंसा हुआ है। कहा कि गरीब छात्र के खाते में छात्रवृत्ति
तत्काल नहीं भेजी गई तो प्रशासन को एक वृहद आंदोलन झेलना पड़ेगा।
इस
मौके पर तेज प्रताप यादव, प्रवीण चौबे, आकाश सिंह, अनिकेश सिंह,
कन्हैया सोनी, प्रवीण वर्मा, विक्की पांडेय, सतीश सोनी, अवधेश यादव, कृष्ण
प्रताप यादव, दीपक प्रसाद, परमिश कुशवाहा, रोहित सिंह आदि रहे। अध्यक्षता
अभिजीत तिवारी तथा संचालन आशीष प्रताप सिंह ने किया।