थाना क्षेत्र के कथरिया गांव में शनिवार की सुबह करीब 11 बजे चरवाहे को लेकर हुए विवाद में एक अधेड़ को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही सदर सीओ समेत कई थानों की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के कथरिया गांव निवासी रमेश सिंह (50) गांव के चट्टी पर आए थे। यहां पर गांव के ही सुमित कुमार सिंह ने उनपर गोली चला दी जिससे वह लहुलूहान होकर गिर गए। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। साथ ही पुलिस को घटना की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही नरहीं, चितबड़ागांव, फेफना थाना सहित सदर सीओ बाबू लाल यादव मौके पर पहुंच गए। उधर मगई नदी पार कर भाग रहे आरोपी को पकड़ने के लिए ग्रामीणों ने पीछा किया। दहशत फैलाने के उद्देश्य से आरोपी ने करीब दो राउंड गोलियां हवा में दागी। तभी पुलिस भी पहुंच गई और ग्रामीणों के सहयोग से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। इस बाबत एएसपी रामयज्ञ यादव ने बताया कि पुलिस ने भाग रहे आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।