बलिया नगरपालिका चेयरमैन प्रतिनिधि की गिरफ्तारी एवं बलिया बंद के दौरान दो लोगों को गोली मारने के विरोध में अलग-अलग संगठनों ने कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान वकीलों ने भी धरना प्रदर्शन कर पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की। कलेक्ट्रेट एवं दी सेंट्रल बार एसोसिएशन के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया।
वकीलों ने कहा कि पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता पर मंत्री पुत्र और उसके सहयोगियों द्वारा किया गया दुर्व्यवहार निंदनीय है। कहा कि आपसी कड़वाहट के चलते शहर के विकास के लिए आए धन का सदुपयोग नहीं किया गया। बल्कि इसे बंदरबांट करने में वे जुटे हुए हैं। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रकरण के विरोध में सर्वसम्मत से निर्णय लिया गया कि नौ से 11 सितंबर तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इस मौके पर अध्यक्ष प्रियंक सिंह, उमेश प्रताप, विक्रम प्रताप सिंह, ओमप्रकाश पांडेय, अरुण कुमार श्रीवास्तव, चंदन सिंह, अरुणेंद्र राय आदि लोग रहे। उधर कलेक्ट्रेट बार के अध्यक्ष मदन लाल वर्मा, महामंत्री रविंद्र नाथ तिवारी, रामजी सिंह, रमाशंकर पांडेय, संजय आदि लोग शामिल रहे।