बलिया। दुर्जनपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह की भाभी आशा प्रताप सिंह ने एसडीएम प्रशांत कुमार नायक को शनिवार को पत्रक सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के आरोपियों पर मुकदमा दर्ज होने के 25 दिन बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई।
परिवार में किसी भी पुरुष सदस्य के न होने से मुझे और परिवार को बराबर खतरा बना हुआ है। उन्होंने अल्टीमेटम दिया कि पुलिस प्रशासन दो दिन में यदि आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है तो परिवार की सभी महिलाओं के साथ 23 नवंबर से दुर्जनपुर स्थित मकान के बाहर बेमियादी अनशन पर बैठेंगी। इसके बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जन समुदाय के सहयोग से धरना प्रदर्शन व आंदोलन के लिए बाध्य होंगी। उन्होंने उप जिलाधिकारी व पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।