शहर की सड़कों की तत्काल प्रभाव से जांच कराकर इन्हें दुरुस्त कराने के संबंध में समाजसेवी अजय कुमार ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में कहा है कि टाउन डिग्री चौराहे से जिला पंचायत कार्यालय होकर मिड्ढी चौराहा से काजीपुरा रेलवे क्रासिंग पर बनाई गई सड़क को खोद दिया गया है।
महीनों पहले खुदाई कर सड़क निर्माण की बात कही गई लेकिन आम जनता को छलने का काम किया गया है। विदित हो कि इन्हीं सड़कों के नाम पर पिछले दिनों नगर पालिका परिषद बलिया में मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसकी धमक उत्तर प्रदेश सरकार तक पहुंच चुकी है।
ज्ञापन के माध्यम से यह भी बताया गया है कि टीडी कालेज चौराहा होते हुए मिड्ढी चौराहा, मिड्ढी चौराहे से हरपुर तथा हरपुर से रेलवे क्रासिंग तक की गई सड़क की खुदाई और पूर्व में कराए गए निर्माण कार्य के लिए टेंडर की जांच कराते हुए जनहित में इन सड़कों को दुरुस्त कराया जाए। अन्यथा की स्थिति में आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा। इस मौके पर नीतेश सिंह, आयुष सिंह, विक्की सिंह, डब्लू सिंह, विवेक सिंह, मनीष आदि रहे।