बलिया। जिला अस्पताल के दोनों परिसर की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाॅल की मरम्मत कराकर गेट लगेंगे। साथ ही सुरक्षा गार्डों के रहने व तीमारदारों को बैठने के लिए टीन शेड लगाया जाएगा। अस्पताल परिसर में पार्किग बनाने की तैयारी है। महानगरों के अस्पतालों जैसी सुरक्षा व पॉर्किंग की सुविधा मिलेगी। 12 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है।
डीएम मंगला प्रसाद के निर्देश पर सीएमएस डॉ. एसके यादव ने स्वास्थ्य विभाग के जेई प्रेमचंद व अन्य कर्मचारियों के साथ नाप-जोख कर प्रस्ताव तैयार किया। जिला अस्पताल परिसर चारों तरफ से खुला होने के कारण आए दिन चिकित्सा उपकरण, मरीजों के समाना चोरी होने की घटनाएं बढ़ गई हैं।
दवा, पैथाेलाॅजी व एंबुलेंस के एजेंट अस्पताल में सक्रिय रहते हैं। मरीजों को बरगला कर शोषण करते हैं। सख्ती बरतने के बावजूद नकेल नहीं लग पा रही। अस्पताल के दोनों परिसर को सुरक्षित करने के लिए टीबी क्लीनिक के पीछे धराशाई बाउंड्रीवाॅल व दूसरे अस्पतात परिसर के बिजली सब स्टेशन से मंदिर तक बाउंड्रीवाॅल की मरम्मत के साथ ऊंचाई भी बढ़ेगी और दोनों जगहों पर गेट लगेंगे। इससे लोगों को अस्पताल में सुरक्षा का एहसास होगा। सेवाएं भी बेहतर ढंग से मिलेंगी।