सोनबरसा स्थित निर्माणाधीन सौ बेड का अस्पताल।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा परिसर में 100 बेड के अस्पताल निर्माण के लिए शासन ने राजकीय निर्माण निगम को पांच करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी की है। इससे पहले प्रथम किस्त में 3.50 करोड़ मिले थे। धनाभाव के चलते छह माह से कार्य रुका था। अब दूसरी किस्त मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
इस अस्पताल का निर्माण 25.15 करोड़ की लागत से होना है। भाजपा की सरकार बनने के बाद जून 2018 में तत्कालीन सांसद भरत सिंह और विधायक सुरेंद्र सिंह ने अस्पताल का शिलान्यास किया था। धनाभाव में छह माह से निर्माण कार्य ठप पड़ा था। राज्य निर्माण निगम के जेई गोविंद प्रसाद ने बताया कि 100 बेड वाले इस अस्पताल के निर्माण के लिए 25.15 करोड़ रुपये स्वीकृत है प्रथम कि़स्त 3.50 करोड़ से कार्य हुआ था अब सरकार ने दूसरी किस्त पांच करोड़ रुपये की जारी की है। इससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
जीजीआईसी निर्माण को मिले 63 लाख
बैरिया। करीब दो साल से अधूरे पड़े राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सोनबरसा के निर्माण के लिए 63 लाख रुपये जारी किए गए हैं। यहां आधे अधूरे निर्मित भवन में छात्राएं पढ़ रही हैं। राजकीय निर्माण निगम के अवर अभियंता बीएस राय ने बताया कि अवशेष धन 63 लाख रुपये शासन से प्राप्त हो गई है, अधूरा कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।