सिकंदरपुर। तहसील क्षेत्र अंतर्गत चल रहे धान क्रय केंद्रों की शिकायत पर शनिवार को उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर अभय कुमार सिंह ने धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। मिली शिकायतों की जांच की। इस दौरान क्रय केंद्र के कर्मचारियों पर नाराजगी व्यक्त की। क्रय केंद्रों की नियमित मानिटरिंग के लिए नायब तहसीलदार घनध्याम त्रिपाठी को नामित किया। उनसे कहा कि केंद्रों की रोज प्रगति रिपोर्ट दें।
सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र स्थित धान क्रय केंद्रों पर किसानों का धान न लिए जाने और बोरे की कमी दिखाकर किसानों को दौड़ाए जाने की खबर मिलने के बाद उप जिलाधिकारी ने शनिवार को धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान क्रय केंद्रों की मानिटरिंग के लिए नायब तहसीलदार घनश्याम त्रिपाठी को नामित करते हुए धान क्रय केंद्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन देने का निर्देश दिया। धान क्रय केंद्रों पर किसानों द्वारा आरोप लगाया जा रहा था कि क्रय केंद्र प्रभारियों द्वारा बोरे की कमी दिखाकर धान को नहीं खरीदा जा रहा है। किसानों को धान खराब होने के नाम पर दौड़ाया जा रहा है। उप जिलाधिकारी ने शनिवार को तहसील में स्थित आठ धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार को भी धान क्रय केंद्रों का सतत निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया। कहा कि क्रय केंद्र से कितने मिलों को अटैच किया गया है, इसकी सूची भी तत्काल उपलब्ध कराई जाए।