मनियर के पश्चिम पठखौली में स्कार्पियों से मरे पति-पत्नी के बाद बंद पड़ा घर।
- फोटो : BALLIA
मनियर। क्षेत्र के सिकंदरपुर-मनियर मार्ग पर स्थित पटखौली पश्चिम गांव के पास बुधवार की देर शाम स्कार्पियो ने गांव के ही तीन लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि मृतक की बहू को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं वाहन को कब्जे में ले लिया।
शहर कोतवाली के कदम चौराहा निवासी अशोक राजभर (60) अपनी पत्नी सुमित्रा देवी (55) और बहू रामिनी देवी 35 पत्नी प्रभु राजभर के साथ पश्चिम पटखौली निवासी ससुर श्रीराम राजभर के यहां एक दशक से नवरसा पर रहते थे। बुधवार की देर शाम सड़क किनारे अपने दरवाजे के पास पत्नी के साथ बैठे थे। इस दौरान रात करीब 10 बजे बहू रामिनी देवी सास-ससुर को भोजन लेकर पहुंची। तभी सिकंदरपुर से मनियर की तरफ तेजगति से आ रही स्कार्पियो तीनों को रौंदते हुए निकल गई। चीखने चिल्लाने की आवाज सुन आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक ने अशोक राजभर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सास व बहू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल जाते वक्त सास सुमित्रा देवी ने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया जबकि बहू का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पति-पत्नी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।