बैरिया। राजर्षि संस्कृत प्रचार समिति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैरिया में अब संस्कृत शिक्षा के साथ विज्ञान वर्ग की पढ़ाई भी हो सकेगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की ओर से विद्यालय को उत्तर मध्यमा (इंटर) स्तर पर विज्ञान वर्ग संचालित करने की मान्यता प्रदान की गई है। विज्ञान वर्ग में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान और गणित विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. नरेंद्र बहादुर राय ने बताया कि संस्कृत भाषा की शिक्षा के साथ विज्ञान वर्ग की मान्यता मिलना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनके अनुसार, जनपद में संस्कृत विद्यालय को इस प्रकार की मान्यता पहली बार मिली है।
इससे विद्यार्थियों को संस्कृत शिक्षा के साथ विज्ञान वर्ग की पढ़ाई के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में ही छात्र-छात्राएं संस्कृत विषय के साथ विज्ञान वर्ग की शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी। संस्कृत शिक्षा के साथ विज्ञान की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह एक नया विकल्प उपलब्ध होगा।
प्रबंधक ने कहा कि छात्र-छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। विज्ञान वर्ग की मान्यता मिलने से विद्यालय में अध्ययनरत तथा नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने मान्यता प्रदान करने के लिए संबंधित परिषद के प्रति आभार जताया।