नगर मजिस्ट्रेट को मांगपत्र सौंपते महासंघ के अध्यक्ष अजय कुमार यादव।
उप्र ग्राम पंचायत राज सफाईकर्मचारी संघ के बैनर तले सफाईकर्मियों ने शुक्रवार को डीपीआरओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसके तहत विकास भवन से पदमार्च निकाला, जो कलेक्ट्रेट पहुंचकर सभा के रुप में तब्दील हो गई। इस दौरान सफाईकर्मियों ने दस सूत्रीय मांग पत्र नगर मजिस्टे्रट को सौंपा। सफाईकर्मियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
धरना सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ददन भारती ने कहा कि जिला पंचायत राज अधिकारी को जब से चार्ज मिला है। उसी समय से सफाईकर्मियों का उत्पीडन बढ़ गया है। अगर डीपीआरओ को तत्काल नहीं हटाया जाता है तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अजय कुमार यादव ने कहा कि भ्रष्ट डीपीआरओ को अवैध तरीके से यह पद दिया गया है। उनको हटाने तक महासंघ आंदोलन जारी रखेगा। सीनियर बेसिक शिक्षक के प्रांतीय उपाध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने कहा कि कर्मचारियों का उत्पीडन करने वाले अधिकारियों को कभी नहीं छोड़ा जाएगा। जिला मंत्री रंजय कुमार सिंह ने कहा कि डीपीआरओ के हठवादी रवैए के खिलाफ तीन अक्तूबर को विकास भवन परिसर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर विजय शंकर यादव, अमीर चंद्र, अभय सिंह, सुरेंद्र राम, नंदलाल भारती, हरेंद्र चौहान, हैदर अली, रेनू शर्मा आदि मौजूद रहे।