नगर के कुंवर सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अभिषेक तथा सतीश चंद्र कालेज नंदकिशोर छात्रसंघ के अध्यक्ष चुने गए। सोमवार को गहमागहमी के बीच हुए चुनाव में देरशाम तक परिणाम घोषित कर दिए गए। परिणामों की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित छात्र संघ के पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
कुंवर सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सुबह नौ बजे से मतदान शुरूहुआ। जिसमें कुल 2155 मतदाताओं में से 1450 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद पर अभिषेक कुमार यादव को 572 मत मिले जबकि दूसरे नंबर रहे दीपक कुमार यादव को 533 मत मिले। इस प्रकार अभिषेक कुमार यादव को 39 मतों से विजयी घोषित किया गया।
इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक कुमार को 985 तथा दूसरे नंबर पर रहे मिथिलेश कुमार 425 मत मिले इस तरह अभिषेक कुमार को 560 मतों से विजयी घोषित किया गया। वहीं महामंत्री पद पर 649 मत मिले तथा दूसरे नंबर पर रहे बृजेश कुमार को 635 मत मिले। इस तरह 14 मतों से अखिलेश कुमार यादव को विजयी घोषित किया गया। कला संकाय प्रतिनिधि पद अवनेंद्र प्रताप को 751 तथा दूसरे नंबर पर जसपाल खरवार 642 मत मिले। इस तरह अवनेंद्र प्रताप 109 मतो से विजयी रहे।
इसीक्रम में सतीश चंद्र कालेज में कुल 3617 मतदाता जिसमें से 2088 छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि 249 मत अवैध पाए गए। इस दौरान कुछ छात्रों ने नोटा पर मुहर लगाया। अध्यक्ष पद के लिए नंदकिशोर यादव को 711 मत मिले जबकि दूसरे नंबर पर रहे मयंक कुमार चौबे को 603 मत मिले। इस प्रकार 108 मतों से नंदकिशोर यादव निर्वाचित घोषित किए गए।
उपाध्यक्ष पद पर शुभम गुप्ता को 748 मत मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहे रविराज को 479 मत मिले। इस तरह 269 मतों से शुभम गुप्ता को निर्वाचित घोषित किया गया। महामंत्री पद पर अभिषेक गिरी को 1065 तथा दूसरे नंबर पर रहे सुरेशचंद्र यादव को 947 मत मिले। इस तरह 118 मतों से अभिषेक गिरी विजयी रहे।
इसी प्रकार पुस्तकालय मंत्री के पद पर दुर्गेश कुमार गुप्ता को 1128 मत मिले जबकि दूसरे पर रहे विजेंद्र कुमार भारती को 749 मत मिले। इस प्रकार दुर्गेश कुमार गुप्ता 379 मतों से निर्वाचित घोषित हुए। कला संकाय प्रतिनिधि के लिए राघवेंद्र गुप्ता तथा वाणिज्य संकाय के लिए मनदीप कुमार चौबे को निर्विरोध घोषित किया गया।
वहीं प्रशिक्षण संकाय प्रतिनिधि के लिए राहुल कुमार यादव को 35 तथा आशुतोष कुमार मौर्या को 28 मत मिले। इस प्रकार राहुल कुमार यादव सात मतों से विजयी घोषित किए गए। कालेज के प्राचार्य डा. अशोक कुमार उपाध्याय तथा चुनाव अधिकारी बृजभान यादव ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ के पदाधिकारियों को प्रमाण देने के बाद शपथ ग्रहण कराया।