टीडी कालेज के सभागार में आयोजित राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के वार्षिक सम्मेलन में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने मतदान किया।
इस दौरान अध्यक्ष पद पर सत्या सिंह और उपाध्यक्ष पद पर राघवेंद्र मोहन श्रीवास्तव को चुना गया। उधर काफी गहमागहमी के बीच महामंत्री के पद पर बृजेश कुमार सिंह ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वेदप्रकाश पांडेय को सात मतों से मात दी।
वार्षिक सम्मेलन के मुख्य अतिथि व संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष हरिशंकर तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि और प्रांतीय महामंत्री अतूल कुमार की देखरेख में वार्षिक सम्मेलन में संबद्ध संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि हरिकिशोर तिवारी ने कहा कि किसी भी संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों का हित देखना होता है। संगठन इसलिए नहीं होता कि उससे लोगों को परेशान किया जाए।
वर्तमान समय में कर्मचारी संगठनों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। कर्मचारियों का उत्पीड़न आए दिन विभागीय अफसरों द्वारा किया जाता है। इसके लिए कर्मचारियों की एकजुटता जरूरी है।
विशिष्ट अतिथि अतुल कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को संगठन के प्रति जागरूक होना पड़ेगा। कुछ कर्मचारी अपनी समस्या के समय ही संगठन को याद करते हैं। जबकि कर्मचारी संगठन सबके लिए कार्य करता रहता है।
इस मौके पर प्रांतीय संगठन के पदाधिकारी बीएन सिंह, अरुण कुमार सिंह, धीरज कुमार राय, संजय कुमार गुप्त, आशुतोष कुमार राय, सुशील कुमार पांडेय, नीरज कुमार, देवेंद्र सिंह, शंभू नाथ सिंह आदि मौजूद रहे। इस दौरान चुनाव में अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के साथ संप्रेक्षक के पद पर डा. घनश्याम चौबे को चुना गया।