बलिया। किसान सम्मान निधि की 10वीं किस्त एक जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12:30 बजे जारी करेंगे। जिले के 4.20 लाख किसानों को 84 करोड़ रुपये खाते में आएंगे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि अन्नदाताओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, इससे बहुत राहत मिली है। पहले छोटे किसानों को खेती के लिए कर्ज लेनी पड़ रही थी लेकिन अब यह विवशता बहुत हद तक खत्म हो गई है। यह योजना किसानों के लिए संजीवनी साबित हुई है। इस योजना की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी। जिले में 4.5 लाख किसानों के खाते में पहली किस्त 90 करोड़ 80 लाख चार हजार रुपये पहुंची थी। उसी समय से किसानों की उम्मीद सरकार से जुड गई है। इस योजना में जिले के किसानों को नौवीं किस्त तक 631 करोड़, तीन लाख 90 हजार रुपये मिल चुके हैं।