थाना परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी राकेश कुमार और पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने लोगों की समस्याएं सुनी और उसका निबटारा किया। इस दौरान अधिकारियों ने 35 से अधिक मामलों में छह मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि अन्य मामलों को विभाग के जिम्मे सौंप तत्काल समस्याओं के निस्तारण का आदेश दिया।
समाधान दिवस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद से संबंधित मामले त्वरित रूप से आपसी सहमति से निस्तारण होना चाहिए। यदि सहमति नहीं बनती है, तो जांचोपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने कहा कि हर हाल में ला एंड आर्डर का पालन होना चाहिए। इसमें लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैरिया एसडीएम अरविंद कुमार ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए भी तहसील दिवस और समाधान दिवस के अलावा गांव-गांव चौपाल लगाई जा रही है।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी बैरिया त्रयंबकनाथ दूबे, सीडीओ के बालाजी, थानाध्यक्ष संजय सिंह सहित पुलिसकर्मी और राजस्व अधिकारी मौजूद रहे ।सिकंदरपुर के थाना परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल सात प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किए गए, जिसमें से मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हो सका।
समाधान दिवस पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक राम यज्ञ यादव के सामने कठोड़ा गांव में 30 वर्षों से मार्ग को गांव के ही कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने का मामला उठाया गया, इस पर अपर पुलिस अधीक्षक ने हलका लेखपाल व क्षेत्रीय एसआई को मौके पर जाकर मामले की जांच कर कारवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं मौजूद लोगों से कहा गया कि शासन की मंशा है कि लोगों को त्वरित न्याय दिया जाए, अगर इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाएगी तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर क्षेत्राधकिारी सिकंदरपुर श्यामदेव, थानाध्यक्ष बृजेश शुक्ला एसआई मेहरे आलम आदि मौजूद थे।