बलिया। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने शनिवार को अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार के साथ महाशिवरात्रि की शोभा यात्रा के मार्ग के निरीक्षण में मिली गंदगी को गंभीरता से लेते हुए नपा पांच सफाई सुपरवाइजरों का एक दिन का वेतन काटा है। साथ ही कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इस संबंध में शनिवार को नपा के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अहमद नदीम ने पत्र जारी किया है। जिसमें उल्लेख किया है कि महाशिवरात्रि की शोभा यात्रा के पांच वार्डों के निर्धारित रूटों पर सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई, जो घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता दर्शाता है। इसके लिए जिम्मेदार वार्ड नं. 16 के सहायक सफाई नायक राजू राम, वार्ड नंबर 9 के अवधेश रावत, वार्ड 18 के शैलेन्द्र कुमार के अलावा वार्ड नं. 20 आउटसोर्सिंग सफाई सुपरवाइजर रजनीश कुमार और वार्ड 25 के राजन पटवा का एक दिन का वेतन काटा गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं का रखें ख्याल : डीएम : जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने महाशिवरात्रि के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के साथ बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर सहित अन्य मंदिरों का भ्रमण किया। श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार को अतिक्रमण हटवाने एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर के सामने स्थित विद्युत खंभे को शिफ्ट कराने व आवश्यकता के अनुरूप तारों को ऊंचा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर को श्रद्धालुओं की सुगमता एवं सुरक्षा के दृष्टिगत सुरक्षा के सभी मानकों का अनुपालन कराने के निर्देश दिए। संवाद