सिकन्दरपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई सिकंदरपुर की ओर से शुक्रवार को रन फॉर विवेकानंद मैराथन का आयोजन किया गया। छात्रा वर्ग में प्रथम साक्षी निषाद प्रथम, प्रियंका कुमारी द्वितीय, खुशी यादव तृतीय रहीं। छात्र वर्ग में सर्वेश प्रथम, ईश्वर द्वितीय और प्रिंस तृतीय रहे।
मैराथन का शुभारंभ गांधी इंटर कॉलेज परिसर से किया गया। मुख्य अतिथि जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत गुप्ता ने एबीवीपी का ध्वज दिखाकर दौड़ शुरू कराई। इससे पहले प्रतिभागियों को अनुशासन, संयम और खेल भावना के साथ दौड़ पूरी करने की शपथ भी दिलाई गई। इसमें नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मैराथन गांधी इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर बस स्टैंड चौराहा, सिनेमा हॉल रोड, गैस एजेंसी, हॉस्पिटल मोड़ होते हुए नगरा मोड़ तक पहुंची। उसी मार्ग से लौटते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची। नगरवासियों ने भी तालियां बजाकर और उत्साहवर्धन कर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. संजीत गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, राष्ट्रसेवा और चरित्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
विशिष्ट अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह यादव ने युवाओं को नियमित व्यायाम और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की सलाह दी। विभाग संगठन मंत्री रंजीत ने विद्यार्थी परिषद के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। प्रबंधक अरविंद राय, अतुल मिश्रा, आकाश तिवारी, डॉ. उमेश चंद, मनिंद्र गुप्ता, राहुल गुप्ता रहे। प्रभारी निरीक्षक मूलचंद चौरसिया, चौकी प्रभारी अश्वनी मिश्रा, टीएसआई रुद्र प्रताप मल्ल तैनात थे।