रतसर-पचखोरा मार्ग का निर्माण मानक के अनुरूप न किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को पूर्वांह्न 11 बजे से रतसर स्थित गांधी आश्रम चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। घंटों आवागमन बाधित रहने से इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंचे जेई डीआर यादव तथा जेई अखिलेश कुमार के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि पचखोरा-रतसर मार्ग का निर्माण मानक के विपरित किया जा रहा था। मार्ग निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान न देकर जैसे-तैसे सड़क बनाई जा रही थी। इसकी शिकायत संबंधित ठेकेदार से कई बार की गई थी, लेकिन वह अपनी मनमानी करता रहा।
ऐसे में ग्रामीण मजबूर हो सड़क पर उतर गए और वाहनों की रफ्तार रोक दी। ग्रामीणों का कहना था कि ढाई किमी तक सड़क का निर्माण ढाई माह से किया जा रहा है। आलम यह है कि आगे से निर्माण होता जा रहा है और पीछे से सड़क की गिट्टी उखड़ती जा रही है।
चेताया कि अगर मानक के अनुरूप सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो पुन: आंदोलन करने के लिए ग्रामीण बाध्य होंगे। इस बाबत जेई द्वय ने बताया कि ढाई किमी तक की सड़क के निर्माण के लिए 78.4 लाख रुपये स्वीकृत है। जिसकी अवधि चार वर्ष की है। कहा कि मानक के अनुरूप ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
अन्यथा की स्थिति में संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अधिवक्ता रविशंकर सिंह, बलवंत यादव, डा. सत्य नारायण प्रसाद, मन्नू यादव, लालू तिवारी आदि मौजूद रहे।