बलिया। राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के तहत जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) में शनिवार को खेल समिति के तत्वावधान में निबंध एवं शतरंज प्रतियोगिता के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
‘विकसित भारत 2047 में युवाओं की भूमिका’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, खेल एवं फिटनेस, शिक्षा में नवाचार, महिला सशक्तीकरण और सतत विकास जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूत करना था।
कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना युवाओं का सामूहिक दायित्व है। खेल, शिक्षा और नवाचार के माध्यम से विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सकता है। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद निबंध प्रतियोगिता में एमए अर्थशास्त्र तृतीय सेमेस्टर की रुखसार खातून ने प्रथम, बीए-एलएलबी की साक्षी ने द्वितीय और शोध छात्र वैभव द्विवेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शतरंज प्रतियोगिता में नूतन सिंह प्रथम, विवेक कुमार सिंह द्वितीय तथा विश्वास प्रताप सिंह और शहबाज खान संयुक्त रूप से तृतीय रहे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक एवं विद्यार्थियों को योगाभ्यास भी कराया गया। इसके साथ नाड़ीशोधन, भ्रामरी और कपालभाति प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया तथा नियमित योग को जीवनशैली में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलानुशासक डॉ. प्रियंका सिंह ने की। संचालन खेल समिति के संयोजक डॉ. विवेक यादव ने किया। इस अवसर पर डॉ. प्रेमभूषण यादव, डॉ. रामसरन यादव, डॉ. रंजना मल्ल समेत विश्वविद्यालय के प्राध्यापक और विद्यार्थी मौजूद रहे।