बैरिया। एक व्यक्ति से पैसा लेकर दूसरे व्यक्ति को जमीन रजिस्ट्री करने को लेकर सोमवार की शाम बैरिया तहसील स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में रजिस्ट्री के दौरान हंगामा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों पक्षों को हिरासत में लिया। देर रात तक थाने पर मामले को लेकर पंचायत होती रही।
बताया जाता है कि हल्दी थाना क्षेत्र के भरसौता गांव निवासी डॉ ओमप्रकाश साहनी रेवती थाना क्षेत्र के छेड़ी गांव के एक व्यक्ति व उनके परिजनों के बैंक खाते में कुल 60 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से 15 दिन पूर्व दिए थे। उसके एवज में छेड़ी स्थित एक जमीन को डॉ साहनी को रजिस्ट्री करना तय हुआ था। लेकिन सोमवार को छेड़ी के व्यक्ति ने उक्त जमीन का सौदा दूसरे से करके रजिस्ट्री के लिए सब रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंच गए थे। इसकी जानकारी होने पर डॉ साहनी व उनके परिजन रजिस्ट्री कार्यालय पहुंच कर हंगामा करना शुरु कर दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेता-विक्रेता व अग्रिम रुपये देने वाले को थाने ले आई। देर रात तक चली पंचायत में भूस्वामी द्वारा डॉ ओमप्रकाश साहनी का पैसा वापस करने पर मामला तय हो गया। एसएचओ संजय त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को जब छेड़ी के व्यक्ति द्वारा डॉ साहनी का पैसा मेरे सामने लौटाएंगे तभी जमीन की रजिस्ट्री होगी।